59 की उम्र में पहाड़ों पर दौड़े 21 किमी, 2 घंटे 23 मिनट में पूरी की हाफ मैराथन
काेटा, 11 अगस्त (हि.स.)। 59 वर्ष की उम्र में भी फिटनेस और जज्बे की मिसाल पेश करते हुए कोटा रेल मंडल के परिचालन विभाग में कार्यरत यातायात प्रशिक्षु सत्य नारायण मालव ने आबू में आयोजित 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हाफ मैराथन में 21.097 किलोमीटर की कठिन पहाड़ी दौड़ महज 2 घंटे 23 मिनट में पूरी की।
कोविड-19 से पहले अचानक स्ट्रोक आने के बाद कुछ समय तक पैदल चलने में भी असमर्थ रहे मालव ने हिम्मत नहीं हारी। नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम, दौड़ और साइकिलिंग के जरिए उन्होंने खुद को फिर से फिट बनाया। वे अब तक 49 हाफ मैराथन और 15 मैराथन में भाग ले चुके हैं तथा 50 और 100 किलोमीटर की अल्ट्रा रेस में भी हिस्सा ले चुके हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने कहा कि सत्य नारायण मालव की उपलब्धि पूरे कोटा मंडल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बीमारी के बाद जिस दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ खुद को फिट बनाया, वह अन्य रेलवे कर्मचारियों को भी व्यस्त कार्यदिवस में से थोड़ा समय नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए निकल कर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

