रामराज्य की स्थापना के लिए देशभर में 850 से अधिक स्थानों पर सामूहिक ‘गदा पूजन’ संपन्न
जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रत्येक हिंदू में हनुमानजी जैसा शौर्य, शक्ति और भक्ति का जागरण हो तथा आनेवाले कठिन समय में उनके आशीर्वाद से हिंदुओं की विजय सुनिश्चित हो, इसी संकल्प के साथ श्री हनुमान जन्माेत्सव के अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति की ओर से देशभर में 850 से अधिक स्थानों पर सामूहिक ‘गदा पूजन’ किया गया। राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा आदि राज्यों में आयोजित सामूहिक गदापूजन में हजारों युवाओं ने सहभाग लिया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता, हिंदू जनजागृति समिति रमेश शिंदे के अनुसार ‘गदा पूजन’ विधि, श्री हनुमान जी की आरती, मारुति स्तोत्र पाठ, शंखनाद एवं सामूहिक प्रार्थना के पश्चात ‘श्री हनुमते नमः’ का सामूहिक नामजप किया गया। इस अवसर पर ‘रामराज्य की स्थापना के लिए मारुति के गुणों को कैसे आत्मसात करें’ इस विषय पर मार्गदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में ‘रामराज्य की स्थापना के लिए सामूहिक प्रतिज्ञा’ ली गई। हिंदू जनजागृति समिति द्वारा पिछले 4 वर्षों से देशभर में सामूहिक ‘गदा पूजन’ कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं और इस वर्ष भी हिंदुत्वनिष्ठों एवं श्रद्धालुओं की उत्स्फूर्त भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

