समर्थ सदगुरुदेव रामलाल जी सियाग के 101वें अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह 23 से
जोधपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर की ओर से समर्थ सदगुरुदेव रामलाल जी सियाग के 101वें अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह के उपलक्ष्य में दो दिवसीय विशेष आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 23 नवंबर को नशामुक्ति जागरूकता के लिए विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जबकि 24 नवंबर को आश्रम परिसर में भव्य अवतरण दिवस महोत्सव एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह आयोजित होगा।
केन्द्र के मीडिया प्रभारी एडवोकेट चन्द्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 23 नवंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे विशाल नशामुक्ति वाहन रैली आयोजित की जाएगी। रैली के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। शराब, तंबाकू, सिगरेट, अफीम, गुटखा सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं 24 नवंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र, जोधपुर आश्रम में समर्थ सदगुरुदेव रामलाल जी सियाग का 101वां अवतरण दिवस एवं जन शताब्दी वर्ष समापन समारोह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस आयोजन में देश-विदेश से हजारों साधकों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समारोह में सामूहिक संजीवनी मंत्र जप एवं ध्यान का विशेष आयोजन होगा। साधक एक साथ ध्यान एवं मंत्र जप के माध्यम से गुरुदेव के प्रति श्रद्धा और समर्पण व्यक्त करेंगे।
केन्द्र के मीडिया प्रभारी एडवोकेट चन्द्र सिंह ने बताया कि महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से पहुंचने वाले साधकों के स्वागत, आवास, भोजन, सत्संग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

