श्री रामचंद्र जी मंदिर में मनेगा भव्य फूल बंगला उत्सव: पचरंगा फूलों से सजेगा राम दरबार

WhatsApp Channel Join Now
श्री रामचंद्र जी मंदिर में मनेगा भव्य फूल बंगला उत्सव: पचरंगा फूलों से सजेगा राम दरबार


जयपुर, 05 जून (हि.स.)। छोटी काशी के आराध्य देवों के दरबार में इन दिनों अधिक मास के पावन महीने के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चांदपोल बाजार स्थित प्रसिद्ध मंदिर श्री रामचंद्र जी में शनिवार को भव्य फूल बंगला उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर और राम दरबार को विशेष पचरंगा फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। उत्सव के तहत ठाकुर जी के सम्मुख नौका विहार, जल यात्रा, जल केली, शीतल भोग और फूल बंगले में शयन के अलौकिक मनोरथ साकार किए जाएंगे।

मंदिर महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि शनिवार को उत्सव की शुरुआत प्रातः 11 बजे संत सेवा के साथ होगी। इसके बाद मुख्य सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शाम को शुरू होगा। शाम 5 बजे से ठाकुर जी की विशेष जल यात्रा का मनोरथ आरंभ किया जाएगा। जिसके तहत श्री राम दरबार को मंत्रोच्चार के बीच शीतल स्नान कराया जाएगा।

तिवाड़ी ने बताया कि शीतल स्नान के बाद मंदिर में जल केली उत्सव की धूम रहेगी। इसके तुरंत बाद ठाकुर जी को नौका विहार कराया जाएगा, जिसके लिए विशेष रूप से फूलों से सजी एक सुंदर नाव तैयार की जाएगी, जिसमें विराजमान होकर श्री सीता-राम जी नौका विहार करेंगे। नौका विहार के बाद ठाकुर जी को नवीन पोशाक धारण करवाई जाएगी और बाल भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात एक अनूठा और पारंपरिक मनोरथ होगा, जिसमें श्री सीताराम जी को बाग में ले जाकर प्रतीक रूप से 'गेंद-बल्ले' खिलाए जाएंगे।

तिवाड़ी ने बताया कि गेंद-बल्ले के खेल के बाद ठाकुर जी को विशेष 'शीतल भोग' निवेदित किया जाएगा। इस भोग में भीषण गर्मी से राहत के लिए ठाकुर जी को विभिन्न प्रकार के शीतल पेय (शरबत) और ऋतु के ठंडे फल अर्पित किए जाएंगे। उत्सव के अंतिम चरण में, रात्रि को श्री सीताराम जी को पचरंगा फूलों से निर्मित भव्य फूल बंगले में शयन कराया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने बताया कि ये सभी दिव्य मनोरथ पूर्ण रूप से पारंपरिक अष्टयाम सेवा पद्धति के अनुसार विधि-विधान से संपन्न करवाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story