राम जन्मोत्सव पर भक्ति रस में डूबा आदर्श नगर राम मंदिर

WhatsApp Channel Join Now
राम जन्मोत्सव पर भक्ति रस में डूबा आदर्श नगर राम मंदिर


जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। आदर्श नगर स्थित श्री राम मंदिर में गुरुवार को रामनवमी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा— भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी और पूरा वातावरण “जय श्री राम” के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।

महोत्सव की शुरुआत भगवान श्री राम की नित्य मंगला आरती से हुई। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन का आयोजन हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्री श्याम जी रामायणी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का भावपूर्ण पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने साथ साथ पाठ किया। मध्यान्ह 12 बजे भगवान श्री राम के प्राकट्य उत्सव पर विशेष आरती की गई।

इससे पूर्व पंडित बनवारी लाल शर्मा ने विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक कराया। इसके बाद भगवान को पीत एवं गुलाबी रंग की आकर्षक पोशाक धारण कराई गई और ऋतु पुष्पों से मोहक श्रृंगार किया गया। सजे-धजे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।

महिला मंडल द्वारा भक्ति गीतों और बधाई गानों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी भावविभोर कर दिया। “पलकें ही पलकें बिछाएंगे, आज राम जी घर आएंगे...” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया।

मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित रही और श्रद्धालुओं ने अनुशासन पूर्वक प्रसाद का आनंद लिया।

महोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर प्रन्यास के पदाधिकारियों, महिला मंडल, युवा साथियों और श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story