रक्षा प्लस ऐप लॉन्च: आपदा व दुर्घटनाओं में देगा रियल टाइम अलर्ट
जयपुर, 14 मई (हि.स.)। देशभर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आपदा जनित चुनौतियों के बीच गुरुवार को ‘रक्षा प्लस’ नामक उन्नत रियल टाइम इमरजेंसी रिस्पॉन्स एंड कोऑर्डिनेशन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रामप्रसाद जी भाईसाहब ने इसका शुभारंभ किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म के डेवलपर डॉ. संजय खंडेलवाल और दुष्यंत यादव ने इसके फीचर्स और उपयोगिता की जानकारी दी।
कार्यक्रम में रामप्रसाद जी भाईसाहब ने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा के लिए इस प्रकार के तकनीकी प्लेटफॉर्म की आवश्यकता बढ़ गई है। समाज को सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है तथा तकनीक के साथ कदमताल करते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
डेवलपर्स ने बताया कि हाल ही में भारत सरकार द्वारा देशभर में गवर्नमेंट इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का सफल परीक्षण किया गया था, जिसमें लाखों मोबाइल फोन पर आपातकालीन संदेश भेजे गए। इसी दिशा में ‘रक्षा प्लस’ को केवल अलर्ट सिस्टम नहीं, बल्कि एक्शन आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है।
ऐप में इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम दिया गया है, जिसके तहत किसी भी आपात स्थिति में एक बटन दबाते ही संबंधित लोगों तक तुरंत सूचना पहुंच जाएगी। इससे त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और जनहानि व धनहानि को कम किया जा सकेगा।
रक्षा प्लस ऐप के माध्यम से छोटे समूहों से लेकर लाखों लोगों तक पलभर में अलर्ट, फोटो और वीडियो भेजे जा सकते हैं, जिससे आपदा प्रबंधन और आपातकालीन समन्वय को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

