राज्यसभा प्रत्याशियों ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी से की शिष्टाचार भेंट

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा प्रत्याशियों ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी से की शिष्टाचार भेंट


जयपुर, 08 जून (हि.स.)। राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार अलका सिंह और सतीश पूनियां ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से विधानसभा भवन में शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दोनों उम्मीदवारों को राज्यसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं अलका सिंह और सतीश पूनियां ने विधानसभा अध्यक्ष का अभिवादन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न विषयों पर चर्चा भी हुई।

इसी दिन विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने भी विधानसभा में शिष्टाचार भेंट की।

यह मुलाकात औपचारिक और सौजन्यपूर्ण रही। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विषयों को लेकर सामान्य चर्चा हुई। मुख्यमंत्री शर्मा और अजेय कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का अभिवादन किया, वहीं देवनानी ने भी दोनों का स्वागत किया।

राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता इन दिनों बढ़ी हुई है। नामांकन प्रक्रिया के बीच विभिन्न स्तरों पर शिष्टाचार मुलाकातों का दौर भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story