पांच साल बाद फिर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बना राजीव गांधी तरणताल

WhatsApp Channel Join Now
पांच साल बाद फिर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बना राजीव गांधी तरणताल


बीकानेर, 19 मार्च (हि.स.)। राजकीय एमएम खेल मैदान स्थित राजीव गांधी तरणताल एक बार फिर से शुरू हो गया है। विधायक जेठानंद व्यास के प्रयासों से इस तरणताल का नवीनीकरण करवाया गया और अब यह आमजन व तैराकों के लिए खोल दिया गया है। विधायक ने गुरुवार को इसे पुनः शुरू किया।

बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 19 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तरणताल का नवीनीकरण किया गया। लंबे समय से बंद पड़े इस स्विमिंग पूल को फिर से चालू कराने के लिए विधायक व्यास पिछले कई महीनों से लगातार प्रयासरत थे। अब नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद इसका उद्घाटन कर दिया गया और जल्द ही यहां नियमित रूप से तैराकी शुरू हो जाएगी।

एमएम ग्राउंड में बना राजीव गांधी तरणताल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यह 25 बाय 50 मीटर का तरणताल है, जिससे भविष्य में यहां जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की भी संभावना बढ़ गई है। उद्घाटन अवसर पर राजेन्द्र पंवार, किशन चौधरी, जे.पी. व्यास, दीपक पारीक, आशा आचार्य, दिनेश चौहान, प्रदीप उपाध्याय, रघुनंदन आचार्य एवं संजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story