एथेंस में गूंजेगा राजस्थान के प्रशासनिक नेतृत्व का अनुभव, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास देंगे वैश्विक सम्मेलन में संबोधन

WhatsApp Channel Join Now
एथेंस में गूंजेगा राजस्थान के प्रशासनिक नेतृत्व का अनुभव, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास देंगे वैश्विक सम्मेलन में संबोधन


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के प्रशासनिक नेतृत्व को वैश्विक मंच पर अपनी कार्यशैली, नवाचारों और सुशासन के अनुभव साझा करने का अवसर मिलने जा रहा है। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर तक ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित आईएएसआईए-2026 के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के 600 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन में श्रीनिवास उद्घाटन और समापन संबोधन देने के साथ आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। उनके नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक भी सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।

‘बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के नीति निर्माता, लोक प्रशासन विशेषज्ञ और शिक्षाविद शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, संस्थागत क्षमता के विकास और सार्वजनिक संस्थाओं के प्रति नागरिकों का विश्वास बढ़ाने जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

सम्मेलन में बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने तथा सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए विभिन्न देशों के अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इस दौरान भारत और राजस्थान के प्रशासनिक अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने रखने का भी अवसर मिलेगा।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। वे 12 अक्टूबर को आईएएसआईए के प्रबंधन मंडल को संबोधित करेंगे। 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद 14 अक्टूबर को सम्मेलन का उद्घाटन संबोधन देंगे, जबकि 15 अक्टूबर को समापन संबोधन के साथ सम्मेलन की चर्चाओं को विराम देंगे।

12 अक्टूबर को उनकी ग्रीस के राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय शासन केंद्र ईकेडीडीए के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस, आईएएसआईए की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीज़ेल ल्यूज़, आईआईएएस-2026 सियोल सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बुम यंग ली, आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ और ग्रीस में भारत के राजदूत रवि शंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक होगी। वी. श्रीनिवास और प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ इसके माध्यम से सूचकांक की अवधारणा, रूपरेखा और कार्यप्रणाली अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

इस प्रस्तावित सूचकांक का उद्देश्य सार्वजनिक संस्थाओं के कामकाज को समझने, उनके प्रदर्शन का आकलन करने और सुधार की संभावनाओं की पहचान के लिए वैश्विक संदर्भ उपलब्ध कराना है। इसकी कार्यप्रणाली पर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ चर्चा से शासन व्यवस्था के मूल्यांकन और सुधार के नए दृष्टिकोण सामने आने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के अनुसार, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस भी एक उच्चस्तरीय पूर्ण सत्र में भाग लेंगे, जिसमें वी. श्रीनिवास के शामिल होने का प्रस्ताव है।

इस सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) की 65वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी। श्रीनिवास महासभा सहित विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षणिक चर्चाओं में भाग लेंगे। इससे विभिन्न देशों के प्रशासनिक संस्थानों के बीच सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

गौरतलब है कि वी. श्रीनिवास को जून 2025 में वर्ष 2025 से 2028 तक के तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान का अध्यक्ष चुना गया था। वे इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अध्यक्ष हैं। करीब चार दशकों के प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने प्रशासनिक सुधार, डिजिटल शासन और जन शिकायत निवारण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story