जयपुर सहित आधा दर्जन शहरों में बारिश, कल भी कई शहरों में बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित आधा दर्जन शहरों में बारिश, कल भी कई शहरों में बारिश संभव


जयपुर, 03 जून (हि.स.)। एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। जयपुर, उदयपुर, डूंगरपुर सहित कई जिलों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कई स्थानों पर दिन के तापमान में पांच डिग्री और रात के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखी गई। प्रदेश के 11 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। जैसलमेर 43.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि फलौदी में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे गर्म रात रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज अंधड़, मेघगर्जन और मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश हुई। वहीं जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि आंधी और बारिश की गतिविधियों के प्रभाव से आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने तथा हीटवेव से राहत बने रहने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में बूंदाबांदी, तापमान में बढ़ोतरी

राजधानी जयपुर में मंगलवार रात से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बादल और हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story