राजस्थान में मुरासु तूफान का असर नहीं, अगले एक सप्ताह शुष्क रहेगा मौसम

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मुरासु तूफान का असर नहीं, अगले एक सप्ताह शुष्क रहेगा मौसम


जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु का राजस्थान के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रदेश में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस बीच रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। प्रदेश के 24 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में रात सबसे सर्द रही, जबकि चार शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, जयपुर, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, डबोक, पाली, जोधपुर, माउंट आबू, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, सिरोही, डूंगरपुर, जालौर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, झुंझुनूं और करौली में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। जयपुर में सोमवार को छितराए बादल छाए रहे, जिससे न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 30.7 और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जबकि जैसलमेर में 21.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में पश्चिम-मध्य और इससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु बना हुआ है। इसके मंगलवार को दक्षिण आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस चक्रवाती तूफान का राजस्थान में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। सोमवार को यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 14.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 81.4 डिग्री पूर्वी देशांतर पर केंद्रित था। इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से करीब 160 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और तमिलनाडु के चेन्नई से 180 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।

तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मंगलवार को नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के दक्षिण में दक्षिण आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story