राजस्थान में बारिश का दौर थमा, रात के तापमान में गिरावट; फतेहपुर सबसे ठंडा
जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी कई हिस्सों में बारिश हुई। जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने और एक नवंबर से अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार को जयपुर, वनस्थली, अलवर, दौसा, कोटा, धौलपुर और करौली सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सिरोही में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जबकि कोटा में दोपहर के समय बूंदाबांदी दर्ज की गई। धौलपुर में भी रुक-रुककर बारिश होती रही। करौली के हिंडौन सिटी में सुबह से शाम तक बूंदाबांदी हुई। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को परिसंचरण तंत्र के रूप में पंजाब के उत्तरी हिस्सों के ऊपर सक्रिय था। पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर जिले के पावटा में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे तथा मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। 31 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान और एक नवंबर से पूर्वी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
प्रदेश के अधिकांश शहरों में बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर 15 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, जयपुर, पिलानी, सीकर, चित्तौड़गढ़, डबोक, पाली, जैसलमेर, माउंट आबू, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, सिरोही, करौली और झुंझुनूं में भी रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बाड़मेर में 34.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री रहा।
राजधानी जयपुर में गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। शहर के अलग-अलग इलाकों में हवा के साथ हल्की बारिश हुई। दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी निकली। ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी सर्दी का अहसास हुआ।
जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार की तुलना में दिन के तापमान में करीब तीन और रात के तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को जयपुर में 14 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

