राजस्थान में 29-30 अक्टूबर को चार संभागों में बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में 29-30 अक्टूबर को चार संभागों में बारिश के आसार


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है। इसके असर से 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के चार संभागों में कहीं-कहीं आंधी और बारिश हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 15 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू 12.4 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।मौसम विभाग के अनुसार वनस्थली, अलवर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, डबोक, पाली, माउंट आबू, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, सिरोही, फतेहपुर, करौली, लूणकरणसर और झुंझुनूं में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू के अलावा सिरोही में भी रात का तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया।सोमवार को जयपुर के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। शहर के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट आई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मध्यपूर्वी और उससे सटे मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अर्नब बना हुआ है। इसके आगामी 48 घंटों में और तीव्र होकर अतिभीषण चक्रवाती तूफान में बदलने तथा 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। हालांकि, इसका राजस्थान के मौसम पर कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभागों के कुछ हिस्सों में 29 और 30 अक्टूबर को बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के पूर्वी हिस्सों में भी 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story