प्रदेश में कल से एक्टिव होगा मानसून, 17 शहरों में बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में कल से एक्टिव होगा मानसून, 17 शहरों में बारिश संभव


जयपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर मानसून एक्टिव नजर आएगा। इसका असर जयपुर सहित करीब 17 शहरों में शुक्रवार को बारिश हो सकती है। विशेष बात यह है कि शुक्रवार को प्रदेश में 6 शहरों में नगर निगम चुनाव का मतदान होना है। ऐसे में कोटा और जयपुर में निगम चुनाव मतदान में बारिश खलल पैदा कर सकती है। मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन संभागों में कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, जयपुर, दौसा, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली, गंगापुरसिटी और सवाईमाधोपुर जिले शामिल है। शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, पाली और अजमेर नगर निगम चुनाव का मतदान होना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में राज्य के पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों में मानसून सक्रिय होगा। उत्तरी बंगाल की खाड़ी व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बना गया है। इससे पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में 11 सितंबर से हल्की मध्यम बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 13-14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर को छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश तथा जोधपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम साफ, पारे में दो डिग्री तक का आया उछाल

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर छितराए बादल भी नजर आए। मौसम साफ रहने से अधिकांश शहरों के पारे में बढ़ोतरी देखने को मिली। शहरों के पारे में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली। जयपुर के पारे में एक डिग्री का उछाल देखा गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.1 और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन और रात के पारे में एक डिग्री का उछाल आया है। 40 डिग्री के साथ पिलानी का दिन और 28.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। इसके अलावा श्रीगंगानगर और चूरू का पारा भी 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story