राजस्थान में बारिश का दौर जारी, 17 शहरों में बारिश, झालावाड़ में सबसे ज्यादा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बारिश का दौर जारी, 17 शहरों में बारिश, झालावाड़ में सबसे ज्यादा


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहा। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से शुक्रवार को जयपुर सहित 17 शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के सात शहरों में दो इंच से अधिक बारिश हुई। तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हुआ, जबकि कुछ स्थानों पर बांधों के गेट खोलने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर अगले तीन दिन जारी रह सकता है।

शुक्रवार को जयपुर, भीलवाड़ा, टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, करौली, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, बारां, बूंदी, दौसा और धौलपुर सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। झालावाड़ के सुनेल में 76, पचपहाड़ में 73 और खानपुर में 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारां के किशनगंज में 65 और अटरू में 53, सवाईमाधोपुर में 54 तथा खंडार में 51 मिलीमीटर बारिश हुई।

सवाईमाधोपुर में कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। रणथंभौर में शेरपुर-खिलचीपुर रपट पर पानी आने से रास्ता बंद करना पड़ा। खंडार में जलभराव के कारण लोग घरों में फंस गए। भरतपुर के डुमरिया गांव में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसके भाई सहित दो लोग झुलस गए।

झालावाड़ में लगातार तीन घंटे बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांध के पांच गेट खोल दिए गए। बारां में सिरसा नदी उफान पर आ गई। कोटपूतली में भी कई इलाकों में जलभराव हुआ। बारिश के बाद बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ी है। बांध का जलस्तर बढ़कर 314.08 आरएल मीटर हो गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 5 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार को वेल मार्क लो प्रेशर एरिया उत्तरी मध्यप्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित था। मानसून ट्रफ भी श्रीगंगानगर और वेल मार्क लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है।

उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 6 और 7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 8 सितंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इसके चलते जयपुर के तापमान में छह डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। शहर में 12 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जल संसाधन विभाग के अनुसार शाहपुरा में 37, जमवारामगढ़ में 30, तूंगा में 23, बस्सी में 21, चाकसू में 21, आमेर में 18 और कोटखावदा में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story