उत्तर भारत से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई राजस्थान में सर्दी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर भारत से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई राजस्थान में सर्दी


उत्तर भारत से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई राजस्थान में सर्दी


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं का असर अब राजस्थान में दिखाई देने लगा है। लगातार दूसरे दिन प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री तक गिरावट आ गई। शेखावाटी क्षेत्र में इस मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह और शाम सर्दी का असर और बढ़ सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान मंगलवार को प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। तेज धूप के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री तक बढ़ोतरी हो गई। हालांकि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में धूप लोगों को राहत दे रही है, वहीं सूरज ढलते ही सर्द हवाओं का असर महसूस होने लगा है।

प्रदेश में मंगलवार को चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा बाड़मेर में 33.6, पाली में 32.6, जोधपुर में 31.8, जैसलमेर में 31.4, टोंक में 31.1 और डूंगरपुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

रात के तापमान में गिरावट के कारण शेखावाटी और आसपास के इलाकों में सर्दी का असर सबसे अधिक रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, जबकि पिलानी में 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। माउंट आबू में भी तापमान करीब 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नहीं है। अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आने से राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778945 Articles

Share this story