राजस्थान में मानसून विदा होते ही बढ़ी गर्मी, चार शहरों में पारा 40 डिग्री पार
जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान से मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। रविवार को चार शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पिलानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। जालोर में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिलानी के अलावा श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.6, चूरू में 40.2 और बीकानेर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में 39.7 और बाड़मेर में 39.1 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और सुबह से तेज धूप रही।
राजस्थान में इस वर्ष मानसून करीब तीन दिन की देरी से शनिवार को पूरी तरह विदा हुआ। इस मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से करीब 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी। तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
जयपुर में रविवार को तेज धूप रही। शनिवार रात गर्म हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

