राजस्थान में 16 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी, 14 को उत्तर-पश्चिम में बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में 16 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी, 14 को उत्तर-पश्चिम में बारिश के आसार


राजस्थान में 16 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी, 14 को उत्तर-पश्चिम में बारिश के आसार


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम अब करवट लेने लगा है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 नवंबर को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में मौसम बदलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर और जोधपुर संभाग के पांच जिलों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 16 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर उत्तर दिशा से सर्द हवाएं राजस्थान में प्रवेश करेंगी। इससे प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी तेज होगी।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। हालांकि श्रीगंगानगर में दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छाने के साथ धुंध भी रही। बादलों के बीच चली हवा से शाम के समय ठंडक बढ़ गई। हनुमानगढ़ के कुछ हिस्सों में भी देर शाम हल्के बादल नजर आए।

गुरुवार को फलोदी, बाड़मेर, जैसलमेर, प्रतापगढ़, सिरोही और डूंगरपुर में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री तक गिरावट आ गई। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से दिन के तापमान में मामूली कमी जारी है। बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि इससे पहले यहां पारा 37 से 38 डिग्री के आसपास बना हुआ था।

रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को माउंट आबू प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सीकर में भी रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ने पर प्रदेश के अन्य शहरों में भी रातें और सर्द हो सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 14 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके बाद 16 नवंबर से विक्षोभ का असर कम होने पर उत्तरी सर्द हवाएं प्रदेश में प्रवेश करेंगी। इससे रात के तापमान में गिरावट आने और सर्दी बढ़ने की संभावना है। दिन के तापमान में भी आगामी दिनों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776191 Articles

Share this story