दशहरे पर बारिश का साया, जयपुर सहित 16 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
दशहरे पर बारिश का साया, जयपुर सहित 16 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दशहरे पर मौसम खलल डाल सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जयपुर सहित 16 शहरों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में दशहरा उत्सव के दौरान रावण दहन के आयोजनों में परेशानी आ सकती है। इससे पहले सोमवार को अजमेर और सवाई माधोपुर सहित कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। प्रदेश के 12 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू में 15.7 डिग्री के साथ रात सबसे ठंडी रही।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से सवाई माधोपुर में सोमवार तड़के तीन बजे से सुबह आठ बजे तक रुक-रुककर बारिश हुई। कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश दर्ज की गई। जिले के खंडार क्षेत्र में फसलें पककर तैयार हैं। ऐसे में बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। अजमेर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इससे पहले रविवार को जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, बारां और अजमेर सहित कई जिलों में बारिश हुई थी। जयपुर और अजमेर में ओले भी गिरे। बारिश के बाद रात के साथ दिन में भी हल्की ठंडक महसूस की गई।

सोमवार को जयपुर में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी हुई। शहर का अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार रात अलवर, सीकर, उदयपुर, माउंट आबू, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, डूंगरपुर, सिरोही, फतेहपुर, करौली और झुंझुनूं में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। बाड़मेर में 38.9 डिग्री के साथ दिन सबसे गर्म रहा, जबकि फलोदी में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके प्रभाव से रविवार को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। करौली जिले के सपोटरा में सर्वाधिक 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को उदयपुर, कोटा, अजमेर और जयपुर संभागों के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भी मेघगर्जन के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

रविवार को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, टोंक, करौली, सवाई माधोपुर, बारां और झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story