पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 48 घंटे में 16 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में बारिश और आंधी का दौर जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकांश शहरों के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। अलवर को छोड़कर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के 16 शहरों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पिछले 24 घंटों में राज्य के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश हुई है। सर्वाधिक 85 मिमी वर्षा श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर में दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि आगामी 48 घंटों में बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली आंधी तथा कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 21 से 24 जून के बीच भी मेघगर्जन और आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में वर्षा गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को कोटा, उदयपुर, भीलवाड़ा, संगरिया समेत कई स्थानों पर बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस अलवर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान जालोर और फलौदी में 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। इसके चलते अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने जयपुर संभाग में 24 जून तक आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

