राजस्थान में गर्मी से मिली थोड़ी राहत, 24 मई से फिर लू चलने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में गर्मी से मिली थोड़ी राहत, 24 मई से फिर लू चलने की चेतावनी


राजस्थान में गर्मी से मिली थोड़ी राहत, 24 मई से फिर लू चलने की चेतावनी


जयपुर, 23 मई (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी से फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। हालांकि बीकानेर, चूरू, फलोदी और चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। लगातार दो दिन सबसे गर्म रहे श्रीगंगानगर में शनिवार सुबह हल्की बारिश होने से लोगों को राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने 24 मई से गर्मी फिर तेज होने और कई जिलों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 मई से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में सीवियर हीटवेव, जबकि पूर्वी और उत्तरी जिलों में हीटवेव तथा वार्म नाइट का असर रहने की संभावना है। 23 मई के लिए सात जिलों में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

श्रीगंगानगर जिले में शनिवार सुबह अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश हुई। इससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत मिली। वहीं बीते 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में रिकॉर्ड किया गया।

फलोदी, चूरू, बीकानेर और गंगानगर सहित कई इलाकों में हीटवेव का असर बना रहा। राजधानी जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि रात का तापमान 30.7 डिग्री तक पहुंच गया। शहर में दिनभर तेज धूप और लू का असर बना रहा। रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस मापा गया। दोपहर के समय तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। लोगों को राहत देने के लिए शहर में कई जगह प्याऊ लगाए गए हैं। उदयपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग घरों में अस्थायी बाथ टब और कूलिंग इंतजाम करते नजर आए। वहीं सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में भालुओं को ठंडक पहुंचाने के लिए फ्रूट आइसक्रीम और फल दिए जा रहे हैं।

अलवर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया। तेज गर्मी के कारण दोपहर में बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। गर्मी के चलते कोल्ड ड्रिंक, जूस और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।

कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। तेज धूप से इंसानों के साथ वन्यजीव भी परेशान दिखाई दिए। कई जगह बंदरों और अन्य जानवरों को पेड़ों की छांव में बैठे देखा गया।

सीकर में पिछले छह दिनों से लगातार तेज गर्मी का असर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story