राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग


राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग


जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इसके तहत प्रदेश के 36,765 सरकारी विद्यालयों में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 12 तक की प्रत्येक छात्रा को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डीआईजी क्राइम दीपक भार्गव भी मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम के तहत राजस्थान पुलिस 11,701 ब्लॉक स्तरीय विद्यालयों के शिक्षकों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करेगी। प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से प्रदेश के सभी 36,765 सरकारी विद्यालयों तक यह प्रशिक्षण पहुंचाया जाएगा। इससे लाखों छात्राओं को विद्यालय स्तर पर आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिल सकेगा।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के तरीके सिखाए जाएंगे। साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर वे समय रहते मदद प्राप्त कर सकें।

इस कार्यक्रम में बाल अधिकारों और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास विकसित करने, सुरक्षा के प्रति सजग बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग की इस संयुक्त पहल का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित विद्यालय वातावरण तैयार करने के साथ बेटियों को सशक्त बनाना और उन्हें किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का सामना करने के लिए सक्षम बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story