राजस्थान संपर्क 181 पर 35 वरिष्ठ आईएएस की ड्यूटी, 4 मार्च से विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान संपर्क 181 पर 35 वरिष्ठ आईएएस की ड्यूटी, 4 मार्च से विशेष अभियान


जयपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान में आमजन की बढ़ती शिकायतों और उनके समय पर समाधान नहीं होने को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए भजनलाल शर्मा सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश के 35 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की ड्यूटी राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर लगाई गई है।

इस संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन ने शुक्रवार को आदेश जारी किए। आदेशानुसार 4 मार्च से 28 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सचिव से लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) रैंक तक के अधिकारी अलग-अलग दिनों में सचिवालय स्थित कॉल सेंटर पर बैठकर आमजन की शिकायतें सीधे सुनेंगे।

निर्देशों के मुताबिक प्रत्येक अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम 10 कॉल रिसीव करनी होंगी। साथ ही संपर्क पोर्टल पर दर्ज 10 ऐसी लंबित शिकायतों का चयन करना होगा, जिनका समाधान अपेक्षाकृत सरल है। इन मामलों का त्वरित निस्तारण कर संबंधित नागरिक को जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाना है।

प्रमाण पत्र जारी करने, बिजली-पानी और साफ-सफाई जैसी छोटी-छोटी समस्याएं अक्सर लंबे समय तक लंबित रहती हैं, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष भागीदारी से इन मामलों के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

कॉल सेंटर पर ड्यूटी देने वाले अधिकारियों को अपनी कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट मुख्य सचिव को सौंपनी होगी। रिपोर्ट में प्राप्त शिकायतों की संख्या, उनके निस्तारण की स्थिति तथा पोर्टल की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने संबंधी सुझाव शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री स्वयं भी समय-समय पर 181 कॉल सेंटर का दौरा कर शिकायतें सुन रहे हैं और मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जा रहा है। अभियान में अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार सिंह, अपर्णा अरोड़ा, शिखर अग्रवाल, संदीप वर्मा, कुलदीप रांका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story