राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान: एक सप्ताह में 744 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान: एक सप्ताह में 744 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार


जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस द्वारा 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के पहले सप्ताह में अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने चिह्नित 1,715 हार्डकोर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 529 कार्रवाई में 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया। जोधपुर रेंज 331 गिरफ्तारियों के साथ पहले, उदयपुर रेंज 100 के साथ दूसरे और बीकानेर रेंज 67 गिरफ्तारियों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान नशा तस्करी के खिलाफ 339 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर अपराधों के विरुद्ध 1,245 मामलों में कार्रवाई करते हुए 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा साइबर ठगों से ₹2.45 करोड़ बरामद किए गए। इनमें से ₹86.83 लाख पीड़ितों को लौटाए गए। जयपुर पुलिस आयुक्तालय ने 68 लाख रुपये से अधिक और जयपुर रेंज ने 58 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की।

अभियान में आर्म्स एक्ट के तहत 132 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध खनन के 260 मामलों में कार्रवाई हुई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 170 के तहत 3,337 कार्रवाई की गई।

यातायात अभियान के तहत प्रदेशभर में 9,683 नाकाबंदी प्वाइंट बनाकर 2.90 लाख से अधिक वाहनों की जांच की गई और 86,793 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए कुल 2.66 लाख से अधिक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिसमें तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और ओवरलोड वाहनों पर विशेष कार्रवाई शामिल रही।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3,199 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा पुलिस-जन संवाद मजबूत करने के लिए 551 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन किया गया।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराध, नशा तस्करी, साइबर ठगी और महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान 20 अगस्त तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उनका कहना था कि पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story