फ्रेंच सीख रहे राजस्थान पुलिस के जवानों ने फ्रांसीसी संगीत कार्यक्रम में लिया हिस्सा
जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। फ्रांस-भारत नवाचार वर्ष 2026 के तहत राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित फ्रांसीसी संगीत कार्यक्रम ‘ले वोयाज दे रेज़े’ में राजस्थान पुलिस की पर्यटक सहायता बल (टीएएफ) के नौ जवानों ने भाग लिया। ये जवान अलायंस फ्रांसेज़ जयपुर से फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसका उद्देश्य फ्रेंच भाषी पर्यटकों से बेहतर संवाद कर उन्हें राजस्थान में प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना है। अलायंस फ्रांसेज़ जयपुर बल के कुल 22 कर्मियों को प्रशिक्षण दे रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन भारत में फ्रांस के दूतावास, फ्रेंच इंस्टीट्यूट इन इंडिया और अलायंस फ्रांसेज़ डी जयपुर ने किया। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर और राजस्थान पत्रिका सांस्कृतिक सहयोगी, जबकि कुलिश स्कूल कार्यशाला सहयोगी रहा। ‘फ्रांस लाइव’ श्रृंखला के तहत आयोजित करीब 70 मिनट की प्रस्तुति में चार कलाकारों ने संगीत, कविता, चित्रकला और दृश्य माध्यमों का संगम पेश किया। रेज़े ने गायन और गिटार, सोइफ्रां ने ताल वाद्य, एम्दे ने मंच पर चित्रांकन और क्रिस्तू ने चित्रों का तत्काल प्रक्षेपण किया। प्रस्तुति फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा में थी तथा 10 वर्ष और उससे अधिक आयु के दर्शकों के लिए अनुशंसित थी।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय कलाकारों के साथ संगीत सत्र भी हुआ। इसमें नीरजा मोदी स्कूल की हुला-हूप कलाकार सियाना और मोरचंग व खड़ताल वादक ममता सापरा ने फ्रांसीसी कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी। इससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संगीत की सार्वभौमिक भाषा का संदेश मिला।
भारत में फ्रेंच इंस्टीट्यूट के निदेशक ग्रेगोर ट्रूमेल ने कहा कि यह कार्यक्रम कलाकारों और दर्शकों को मिलकर एक साझा अनुभव रचने का अवसर देता है, जो फ्रांस-भारत नवाचार वर्ष की भावना के अनुरूप है। यह प्रस्तुति फ्रांस लाइव श्रृंखला और अलायंस फ्रांसेज़ नेटवर्क के सहयोग से भारत के नौ शहरों में आयोजित की जा रही है। अलायंस फ्रांसेज़ डी जयपुर की अध्यक्ष डॉ. टूलिका गुप्ता ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य फ्रांसीसी प्रदर्शन कलाओं को दर्शकों तक पहुंचाना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सुलभ व निःशुल्क बनाए रखना है।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कॉलेज शिक्षा आयुक्त एवं वित्त (कराधान) विभाग के विशेष सचिव नाथमल दीदेल मुख्य अतिथि रहे। पूर्णिमा विश्वविद्यालय, जेके लक्ष्मीपत विश्वविद्यालय, द कुलिश स्कूल, द पैलेस स्कूल, इंडियन वुमेन इम्पैक्ट संस्था, राजस्थान पुलिस की पर्यटक सहायता बल, आईआईसीडी, बिरला बालिका विद्यापीठ और बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जेम्स एंड ज्वेलरी के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का समापन कलाकारों और दर्शकों के बीच प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

