अपराधियों में डर व आमजन में विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही राजस्थान पुलिस: डीजीपी

WhatsApp Channel Join Now
अपराधियों में डर व आमजन में विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही राजस्थान पुलिस: डीजीपी


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेशवासियों के साथ पुलिस परिवार के अधिकारियों और जवानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।

डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप राजस्थान पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। संगठित अपराध, हार्डकोर अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अवैध संपत्तियों को जब्त करने, हथियार व मादक पदार्थ बरामद करने तथा अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ अपराध को होने से पहले रोकना भी है।

डीजीपी ने बदलते दौर में साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्थान पुलिस ने राजस्थान पुलिस साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (R4C) स्थापित किया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

राजस्थान पुलिस को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए प्रतिभाशाली युवाओं और प्रोफेशनल्स की भर्ती की जा रही है। इससे पुलिसिंग में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ स्मार्ट पुलिसिंग को नई दिशा मिल रही है। डीजीपी ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करने और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

डीजीपी ने पुलिस के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध के आंकड़ों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वर्दी अधिकार के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी देती है। इसलिए कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और संवेदनशीलता को पुलिस बल की पहचान बनाया जाए।

डीजीपी ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील नागरिक की भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से सुरक्षित, अपराध मुक्त, नशामुक्त और विकसित राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story