राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी:यूएई जाने से पहले जरूर करवाएं पर्याप्त चिकित्सा बीमा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी:यूएई जाने से पहले जरूर करवाएं पर्याप्त चिकित्सा बीमा


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा करने अथवा वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को अचानक बीमारी या चिकित्सा आपात स्थिति में होने वाले भारी खर्च से बचाने के लिए राजस्थान पुलिस की राज्य विशेष शाखा ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें यूएई जाने वाले भारतीयों को यात्रा से पहले पर्याप्त चिकित्सा बीमा करवाने और वहां पहले से रह रहे नागरिकों को अपने मौजूदा बीमा की शर्तों और कवरेज की जांच करने की सलाह दी गई है।

राज्य विशेष शाखा की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी परामर्श के अनुसार, भारतीय दूतावास और अबू धाबी, दुबई तथा उत्तरी अमीरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावासों के सामने ऐसे कई मामले आए हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को अचानक बीमारी या चिकित्सा आपात स्थिति का सामना करना पड़ा। पर्याप्त बीमा कवर नहीं होने के कारण उन्हें भारी चिकित्सा बिल चुकाने पड़े। कई मामलों में यह खर्च संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार की आर्थिक क्षमता से भी अधिक रहा।

एडवाइजरी में यूएई की यात्रा या पर्यटन के लिए जाने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त चिकित्सा बीमा लेने की सलाह दी गई है। बीमा में अचानक चिकित्सा आपात स्थिति में उपचार का खर्च, भारत में चिकित्सा प्रत्यावर्तन (मेडिकल रिपैट्रिएशन) की लागत और कैशलेस उपचार जैसी सुविधाएं शामिल होनी चाहिए।

रोजगार वीजा या आश्रित (डिपेंडेंट) के रूप में यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों को भी अपने चिकित्सा बीमा की जांच करने के लिए कहा गया है। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बीमा यूएई में होने वाले सभी जरूरी चिकित्सा खर्चों के साथ भारत वापस लाने की स्थिति में चिकित्सा प्रत्यावर्तन की लागत को भी कवर करता हो।

राजस्थान पुलिस की राज्य विशेष शाखा ने इस एडवाइजरी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि यूएई जाने वाले और वहां रह रहे भारतीय नागरिक समय रहते बीमा संबंधी सावधानियां बरत सकें और किसी अप्रत्याशित चिकित्सा आपात स्थिति में आर्थिक परेशानी से बच सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story