राजस्थान फिजियो समिट का आगाज
जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में सोमवार से दो दिवसीय “राजस्थान फिजियो समिट–2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। “फिजियोथेरेपी से फिजियोपैथी” थीम पर आयोजित इस समिट के पहले दिन देशभर से आए विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और छात्रों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने फिजियोथेरेपी के बदलते स्वरूप, आधुनिक तकनीकों और स्वास्थ्य क्षेत्र में इसकी बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
समिट में राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. प्रमोद येओले, एम्स जोधपुर के अध्यक्ष डॉ. एस.एस. अग्रवाल सहित विभिन्न संस्थानों के प्रमुख भी मौजूद रहे। स्वागत उद्बोधन प्रो. डॉ. ध्रुव तनेजा ने दिया।
प्रो. तनेजा ने बताया कि तकनीकी सत्रों में देशभर के विशेषज्ञों ने रिसर्च, क्लिनिकल प्रैक्टिस और नई उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. अली ईरानी, डॉ. आलाप शाह, डॉ. नितेश बंसल, डॉ. पल्लव भटनागर और प्रो. डॉ. एम. बालागणपति शामिल रहे, जिन्होंने फिजियोथेरेपी के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए।
दोपहर बाद आयोजित सत्रों में डॉ. अतुल शर्मा,डॉ. कपिला जैन ,डॉ. सुरेश नागर और डॉ अरुण कुमार शर्मा ने फुट बायोमैकेनिक्स, न्यूरोलॉजिकल कंडीशंस, कैंसर उपचार में फिजियोथेरेपी की भूमिका सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन हुआ। प्रतिभागियों ने सवाल-जवाब के माध्यम से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। इसके अलावा रामबाबू शर्मा,राजेंद्र चौधरी,अनिल गुप्ता और हरीश राजानी का भी विशेष सहयोग रहा।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि समिट का उद्देश्य फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में ज्ञानवर्धन, नवाचार को बढ़ावा देना, शोध को प्रोत्साहित करना तथा चिकित्सकों और छात्रों के बीच संवाद स्थापित करना है। दिनभर चले सत्रों ने प्रतिभागियों को नई तकनीकों और व्यावहारिक जानकारी से समृद्ध किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

