गुलाबी नगर की थीम पर तैयार राजस्थान पैवेलियन बना आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
गुलाबी नगर की थीम पर तैयार राजस्थान पैवेलियन बना आकर्षण का केंद्र


नई दिल्ली/ जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 में राजस्थान सरकार का पवेलियन देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। लगभग 209 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित इस पवेलियन को जयपुर के गुलाबी नगर की थीम पर तैयार किया गया है। इसका भव्य प्रवेश द्वार ऐतिहासिक अजमेरी गेट की तर्ज पर बनाया गया है, जो राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत की झलक प्रस्तुत करता है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, रीको, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (बीआईपी) तथा राजसिको के अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल इसमें शामिल हुआ है। ये अधिकारी देश-विदेश के निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को राजस्थान की औद्योगिक नीतियों, टेक्सटाइल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा निवेश की संभावनाओं की जानकारी दे रहें हैं। साथ ही, प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए बड़े उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग भी कर रहे हैं। यह पवेलियन राजस्थान के वस्त्र उद्योग, शिल्पकारों और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यापारिक अवसरों से जोड़ने का प्रभावी मंच बन रहा है।

राजस्थान पवेलियन में 12 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें प्रदेश की समृद्ध वस्त्र परंपरा और हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जा रहा है। यहां बगरू और सांगानेरी ब्लॉक प्रिंट, कोटा डोरिया, कशीदाकारी, एप्लीक वर्क, क्विल्टेड एवं वुवेन उत्पाद, होम फर्निशिंग तथा रेडीमेड गारमेंट्स सहित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन स्टॉलों पर प्रदेश के शिल्पकारों और टेक्सटाइल उद्यमियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट उत्पाद आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। पवेलियन में बगरू ब्लॉक प्रिंट और टाई एंड डाई (बंधेज/लहरिया) की लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित की जा रही है। इसमें आगंतुक पारंपरिक छपाई और रंगाई की तकनीकों को करीब से देख रहे हैं तथा राजस्थान की समृद्ध शिल्प परंपरा से रूबरू हो रहे हैं।

भारत टेक्स 2026 भारत का प्रमुख वैश्विक टेक्सटाइल एवं अपैरल आयोजन है, जिसका आयोजन भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) द्वारा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जा रहा है। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने 14 जुलाई को इस आयोजन का उद्घाटन किया। यह आयोजन भारत की संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन को एक मंच पर प्रस्तुत करते हुए वैश्विक व्यापार, निवेश, नवाचार, सस्टेनेबिलिटी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देता है। इस वर्ष के आयोजन में 130 से अधिक देशों के 6 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक भाग ले रहे हैं। 16 लाख वर्ग फुट से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में 20 हजार से अधिक वस्त्र एवं परिधान उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। भारत टेक्स 2026 भारत को वैश्विक टेक्सटाइल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने और भारतीय वस्त्र उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story