राजस्थान में प्री-मानसून का असर जारी, 12 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार; 2 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में प्री-मानसून का असर जारी, 12 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार; 2 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार


जयपुर, 29 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों के बीच बादलों की आवाजाही और तेज धूप के कारण गर्मी व उमस का असर बना हुआ है। सोमवार को राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। वहीं जयपुर, दौसा, डूंगरपुर और अलवर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलौदी, बीकानेर, चूरू, बाड़मेर, पिलानी, जयपुर, वनस्थली, संगरिया, फतेहपुर, लूणकरणसर और झुंझुनूं में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वहीं बीकानेर, फलौदी, लूणकरणसर और जोधपुर में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून गुजरात और मध्यप्रदेश तक पहुंच चुका है तथा इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चार से पांच दिनों में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून के प्रवेश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में 2 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 2 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इस अवधि में कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में अगले तीन से चार दिनों तक 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी तथा बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने तथा अधिक नमी के कारण उमस भरी गर्मी बने रहने की संभावना जताई है। रविवार को पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में सर्वाधिक 94 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी जयपुर में रविवार देर रात हुई हल्की बारिश से रात के तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सोमवार को दिनभर बादलों और धूप की आवाजाही के बीच उमस का असर बना रहा। शहर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story