राजस्थान में जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करेगी लोजपा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करेगी लोजपा


जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राजस्थान में संगठन को मजबूत बनाने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जयपुर स्थित महिला विंग कार्यालय में संगठन विस्तार, महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार, सम्मान और स्वावलंबन सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बिहार के खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में राजस्थान में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और अधिक से अधिक महिलाओं व युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

सांसद राजेश वर्मा ने बताया कि बैठक में महिला प्रकोष्ठ की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष चन्द्रप्रभा भाटिया, राष्ट्रीय सचिव सूरज कुमार बुरड़िया, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद शेखावत, जयपुर जिला अध्यक्ष अजीत गौड़, प्रदेश सचिव गोपी चन्द्र सैनी और राजस्थान महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में राजस्थान में पार्टी की पहुंच बढ़ाने, महिला विंग को अधिक सक्रिय बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story