निकायों में मेयर-सभापति का चुनाव पार्षद ही करेंगे : झाबर सिंह खर्रा

WhatsApp Channel Join Now
निकायों में मेयर-सभापति का चुनाव पार्षद ही करेंगे : झाबर सिंह खर्रा


सीकर, 06 अगस्त (हि.स.)। नगरीय विकास एवं आवासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार निकायों में महापौर, सभापति और पालिकाध्यक्ष का चुनाव पूर्व की व्यवस्था के अनुसार निर्वाचित पार्षदों के माध्यम से ही कराएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रत्यक्ष चुनाव की व्यवस्था के दौरान कई निकायों में अध्यक्ष और पार्षद अलग-अलग विचारधाराओं के चुने गए, जिससे पूरे कार्यकाल में खींचतान रही और विकास कार्य प्रभावित हुए।

भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भाग लेने सीकर पहुंचे खर्रा ने पत्रकारों से कहा कि जिस प्रक्रिया से पहले चुनाव होते रहे हैं, उसी व्यवस्था के तहत नगर निगमों में महापौर, नगर परिषदों में सभापति और नगरपालिकाओं में पालिकाध्यक्ष का चुनाव पार्षदों द्वारा किया जाएगा। निकाय और पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता वर्षभर जनता के बीच रहता है। चुनाव के समय संगठन चुनाव संचालन समितियों और अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से अभियान को गति देता है।

राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बिजली, पानी, सड़क, कानून-व्यवस्था और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर प्रभावी कार्य किए हैं। पिछले 31 महीनों में युवा, महिला, किसान, मजदूर सहित समाज के सभी वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्य किए गए हैं।

निकाय और पंचायतीराज चुनाव में देरी के संबंध में उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में उच्चतम न्यायालय ने ओबीसी आरक्षण के संबंध में निर्देश दिए थे, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की। वर्ष 2024 में भाजपा सरकार बनने के बाद राजनीतिक आरक्षण के लिए ओबीसी आयोग का गठन किया गया। आयोग द्वारा आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और बाद में जनगणना कार्य शुरू होने से प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि ओबीसी आयोग ने 5 अगस्त को अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है। अब मंत्रिमंडल की बैठक में रिपोर्ट पर विचार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर पन्ना प्रमुख तक सभी कार्यकर्ता हैं। आगामी निकाय और पंचायतीराज चुनावों में कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की जीत सुनिश्चित करेगी।

संभाग प्रभारी शंकर सिंह राजपुरोहित ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा का टिकट पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को ही दिया जाएगा। बैठक में जिले के विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story