आमजन को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता: अरविंद पोसवाल
जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरविंद पोसवाल ने गुरुवार को आवासन मंडल मुख्यालय स्थित आवास भवन में आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
पोसवाल ने कहा कि आमजन के आशियाने के सपने को साकार करना आवासन मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंडल टीम द्वारा पिछले वर्षों में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए इस गति को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्यों से मंडल ने आमजन का विश्वास अर्जित किया है, जिसे बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए ‘हमारा प्रयास-सबको आवास’ थीम को सशक्त बनाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुविधासंपन्न और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराए जा सकें। बैठक में अधिकारियों ने प्रदेश एवं जयपुर में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। आयुक्त ने विलंबित परियोजनाओं को समयबद्ध योजना बनाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। पदभार ग्रहण करने के बाद पोसवाल ने आवास भवन का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं एवं प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इससे पूर्व सचिव गोपाल सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य संपदा अधिकारी अशोक कुमार, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, तेजवीर सिंह मीणा, प्रतीक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

