राजस्थान हाईकोर्ट में समर वैकेशन शुरू, 29 जून तक नियमित सुनवाई रहेगी बंद
जयपुर, 28 मई (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट में बुधवार से समर वैकेशन की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर और जयपुर बेंच में अब करीब 32 दिनों तक नियमित सुनवाई नहीं होगी। समर वैकेशन के बाद हाईकोर्ट 29 जून से दोबारा नियमित रूप से खुलेगा।
हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार 1 जून से 28 जून तक समर वैकेशन घोषित किया गया है। वहीं 28 मई को बकरा ईद का अवकाश, 30 और 31 मई को शनिवार-रविवार तथा 29 मई को घोषित अवकाश होने के कारण बुधवार से ही छुट्टियों का क्रम शुरू माना जा रहा है।
समर वैकेशन के दौरान केवल अर्जेंट नेचर के मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके लिए हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से विशेष वैकेशन बेंचों का गठन किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार मुख्यपीठ जोधपुर में एक सिंगल बेंच और एक डिवीजन बेंच जरूरी मामलों की सुनवाई करेगी। वहीं जयपुर बेंच में दो सिंगल बेंच और एक डिवीजन बेंच गठित की गई है, जो अवकाश अवधि में अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

