राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए उप चुनाव शुक्रवार काे

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए उप चुनाव शुक्रवार काे


जोधपुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव 27 नवंबर को होगा। इस उप चुनाव में कुल 8 उम्मीदवार मैदान में बने हुए हैं। मतदान के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुनराम चौधरी और चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा व मालमसिंह जैतावत ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 27 नवंबर को मतदान होगा। वोटिंग सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान पूरा होने के बाद इसी दिन मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के उपचुनाव में 8 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। अध्यक्ष पद के लिए अनिल गौड़, गोकुलेश बोहरा, कुलदीप सिंह राठौड़, एमआर डेलू, महेंद्र पुरी गोस्वामी, मनीष पुरोहित, पुष्पेंद्र सिंह चौहान और सुरेंद्र सिंह राठौड़ मैदान में है। मतदान के लिए बार काउंसिल ऑफ राजस्थान या राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से जारी परिचय पत्र अनिवार्य होगा।

मतदान के दिन अधिवक्ताओं के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को पूरे न्यायालय परिसर में किसी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में प्रत्याशी और उनके समर्थक किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे।

गौरतलब है कि एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी के बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनाव में निर्वाचित होने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव में निर्वाचित होने के बाद लागू एक व्यक्ति-एक पद के नियम के चलते उन्होंने यह निर्णय लिया। जोशी अब बार काउंसिल के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। उनका इस्तीफा मंजूर होने के बाद अब अध्यक्ष पद पर उपचुनाव करवाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story