नौतपा से पहले ही तपने लगा राजस्थान, 18 जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
नौतपा से पहले ही तपने लगा राजस्थान, 18 जिलों में लू का अलर्ट


नौतपा से पहले ही तपने लगा राजस्थान, 18 जिलों में लू का अलर्ट


जयपुर, 24 मई (हि.स.)। नौतपा शुरू होने से पहले ही राजस्थान भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। प्रदेश के 18 जिलों में रविवार को हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को जयपुर समेत कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश हुई, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। पश्चिमी राजस्थान में सीवियर हीटवेव के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 2 से 4 दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो रही है। इस बार गंगा दशहरा के दिन नौतपा शुरू होने का संयोग बन रहा है। इससे पहले ऐसा संयोग वर्ष 1980 में बना था।

शनिवार सुबह श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्की बारिश हुई, जबकि दोपहर बाद जयपुर, अलवर, टोंक और सवाई माधोपुर के कुछ इलाकों में आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। जयपुर-अलवर सीमा क्षेत्र में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। इसके बावजूद गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल रखा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पराबैंगनी विकिरण (यूवी इंडेक्स) बेहद ऊंचे स्तर पर रहेगा। ऐसे में सीधी धूप आंखों और त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

राजधानी जयपुर में दोपहर तक तेज धूप और लू का असर रहा। बाद में मौसम बदला और कई इलाकों में धूलभरी आंधी चली। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकसिटी उदयपुर में गर्मी लगातार बढ़ रही है। गर्मी से राहत के लिए शहर में कई सामाजिक संस्थाओं ने छाछ और ठंडे पानी की नि:शुल्क व्यवस्था की। अजमेर में सुबह से ही तेज गर्मी और उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना कम है।

सीकर में देर रात से तेज हवाएं चलीं और शनिवार दोपहर बूंदाबांदी हुई। बादलों के कारण उमस बनी रही। अलवर में दोपहर बाद मौसम बदला और करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। हालांकि तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में पारा 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है।

जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस मापा गया। गर्मी और उमस के कारण बाजारों और अस्पतालों में भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। कोटा में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। गर्मी का असर वन्य जीवों पर भी दिखाई दे रहा है। अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में जानवरों के लिए कूलर और डक्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story