शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों का आंदोलन समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों का आंदोलन समाप्त


शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों का आंदोलन समाप्त


जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। ट्रांसफर नीति की मांग को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर दो दिनों से चल रहा ग्रेड थर्ड शिक्षकों का आंदोलन गुरुवार शाम शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता में ग्रेड थर्ड शिक्षकों के लिए स्थानांतरण नीति लागू करने का भरोसा दिलाया।

ग्रेड थर्ड शिक्षक संघर्ष समिति के संयोजक सुनील महला ने बताया कि शिक्षा मंत्री के साथ दूसरे दौर की वार्ता सकारात्मक रही और स्थानांतरण नीति लाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि यदि 1 जनवरी तक सरकार अपने आश्वासन को पूरा नहीं करती है तो शिक्षक दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। शहीद स्मारक पर आयोजित धरने में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में ग्रेड थर्ड शिक्षक शामिल हुए। आंदोलन के दूसरे दिन कई शिक्षक अपने बच्चों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। बच्चों ने भी हाथों में पोस्टर लेकर अपने माता-पिता के स्थानांतरण की मांग का समर्थन किया।

शिक्षकों का कहना था कि वे वर्षों से एक ही विद्यालय में कार्यरत हैं, लेकिन उनका स्थानांतरण नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप था कि प्रधानाचार्य, प्रथम श्रेणी और द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले किए जा रहे हैं, जबकि ग्रेड थर्ड शिक्षकों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षक प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि स्थानांतरण नीति को शीघ्र लागू कर ग्रेड थर्ड शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story