राजस्थान में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में 5.7 डिग्री पहुंचा पारा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में 5.7 डिग्री पहुंचा पारा


राजस्थान में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में 5.7 डिग्री पहुंचा पारा


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत से लगातार चल रही सर्द हवाओं के असर से राजस्थान में सर्दी के तेवर तेज हो गए है। प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में अचानक गिरावट आ गई है। गुरुवार को सीकर, चूरू, पिलानी, फतेहपुर, अलवर और नागौर सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इससे रात के साथ सुबह के समय भी ठिठुरन बढ़ गई है और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

प्रदेश में सबसे सर्द रात सीकर जिले के फतेहपुर में रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सीकर में भी रात का पारा 6.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा पिलानी में 9.7, चूरू और अलवर में 9.6, नागौर में 9.5 तथा करौली में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। तापमान में गिरावट के साथ शेखावाटी क्षेत्र में सुबह और शाम के समय गलन का असर दिखाई देने लगा है।

गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप खिली रही, लेकिन सर्द हवाओं के कारण धूप का असर भी अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ। दिन के तापमान में भी कई स्थानों पर गिरावट आ गई।

शाम होते ही हवाओं में ठंडक बढ़ने लगी और रात में ठिठुरन का असर और तेज हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। विशेष रूप से शेखावाटी, बीकानेर संभाग तथा उत्तरी राजस्थान के इलाकों में सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।

अगले एक सप्ताह के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं दक्षिणी राजस्थान में ठंड का असर इन क्षेत्रों की तुलना में कुछ कम रहने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव के साथ अब प्रदेश में सर्दी का वास्तविक दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780135 Articles

Share this story