राजस्थान बोर्ड 10वीं का परिणाम मंगलवार को, पहली बार मार्च में नतीजे और 12वीं से पहले घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान बोर्ड 10वीं का परिणाम मंगलवार को, पहली बार मार्च में नतीजे और 12वीं से पहले घोषणा


जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की कक्षा 10वीं परीक्षा 2026 का परिणाम मंगलवार, 24 मार्च को दोपहर एक बजे घोषित किया जाएगा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय से परिणाम जारी करेंगे। बोर्ड ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस वर्ष का परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। पहली बार ऐसा हो रहा है जब 10वीं का रिजल्ट 12वीं से पहले जारी किया जा रहा है। साथ ही, बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है जब सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम मार्च में घोषित किया जा रहा है, जबकि पहले यह परिणाम मई-जून में जारी होता था।

दरअसल, राज्य सरकार द्वारा एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड प्रशासन ने 10वीं का रिजल्ट सबसे पहले घोषित करने का निर्णय किया है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में किसी प्रकार की देरी न हो।

इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी को समाप्त हुई थी। परीक्षा में कुल 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। ऐसे में लाखों छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विद्यार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर देख सकेंगे।

बोर्ड की कोशिश है कि 12वीं आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स का परिणाम भी इसी महीने जारी कर दिया जाए। 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चली थीं, जिनमें करीब 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थी शामिल हुए थे। प्रदेशभर में इसके लिए 6,170 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

राजस्थान बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए 2027 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने का फैसला किया है। पहला सत्र फरवरी और दूसरा मई में होगा। छात्र दूसरे चरण में अधिकतम तीन विषयों में अंक सुधार के लिए पुनः परीक्षा दे सकेंगे। बोर्ड “बेस्ट ऑफ टू अटेम्प्ट” फॉर्मूला अपनाएगा, जिसमें दोनों प्रयासों में से बेहतर अंक अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे।

राज्य के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी परिणाम के आधार पर उनके भविष्य की शैक्षणिक दिशा तय होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story