राजस्थानी लोकधुनों और फ्रेंच रॉक का संगम: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज हुआ ‘राजासोनिक’

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थानी लोकधुनों और फ्रेंच रॉक का संगम: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज हुआ ‘राजासोनिक’


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की समृद्ध लोक-संगीत विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अंतरराष्ट्रीय संगीत परियोजना ‘राजासोनिक’ फ्रांस से विश्वभर में लॉन्चिंग हुई। फ्रांस के प्रतिष्ठित रॉक गिटारिस्ट यारोल पूपो और राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दूत एवं धोद ग्रुप के संस्थापक राहिस भारती की साझेदारी से तैयार इस एल्बम में फ्रेंच रॉक, फंक और राजस्थानी लोक-संगीत का अनूठा संगम देखने-सुनने को मिलेगा। आठ ट्रैक वाले इस एल्बम में इलेक्ट्रिक गिटार और फंक संगीत की आधुनिक धुनों के साथ तबला, ढोलक और हारमोनियम जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की आवाज शामिल की गई है। इसमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में गायन है। एल्बम का पहला सिंगल ‘लगी रे लगी’ प्रमुख डिजिटल संगीत मंचों पर उपलब्ध है।

इस संगीत साझेदारी की शुरुआत 15 अगस्त 2023 को फ्रांस के प्रतिष्ठित फेस्टिवल ‘देस कल्चर दु मोंद’ में हुई थी। कोंफोलों में आयोजित इस समारोह के दौरान यारोल पूपो की मुलाकात राहिस भारती और धोद के कलाकारों से हुई। पहली ही संयुक्त प्रस्तुति में फ्रेंच रॉक की ऊर्जा और राजस्थानी लोक-संगीत की आत्मीयता का ऐसा मेल हुआ कि इसने आगे चलकर ‘राजासोनिक’ एल्बम का रूप ले लिया।

इसके बाद दिसंबर 2023 में यारोल पूपो भारत आए। इस दौरान उन्होंने धोद ग्रुप के साथ जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और दिल्ली में संगीत प्रस्तुतियां दीं। इन संयुक्त प्रस्तुतियों को मिली प्रतिक्रिया के बाद दोनों कलाकारों ने स्टूडियो एल्बम तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया और अंततः आठ ट्रैक का ‘राजासोनिक’ तैयार हुआ।

यारोल पूपो फ्रांस के प्रसिद्ध रॉक बैंड एफएफएफ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। वे एकल कलाकार और संगीत निर्माता के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। वर्ष 2012 से 2017 तक वे फ्रांस के दिग्गज गायक जॉनी हैलिडे के संगीत निर्देशक रहे। वहीं, राहिस भारती पिछले 26 वर्षों से राजस्थान की लोक-संगीत परंपरा के संरक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। उनके नेतृत्व में धोद ग्रुप ने 119 से अधिक देशों में प्रतिष्ठित संगीत समारोहों और सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुतियां देकर राजस्थानी लोककला और संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई है।

धोद ग्रुप के 26 वर्षों के अंतरराष्ट्रीय सफर में ‘राजासोनिक’ को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पहली बार समूह की पारंपरिक राजस्थानी लोक-संगीत विरासत को किसी अंतरराष्ट्रीय रॉक कलाकार के साथ स्टूडियो एल्बम के रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह परियोजना दो अलग-अलग संगीत शैलियों के मेल के साथ संस्कृतियों, पीढ़ियों और कलात्मक परंपराओं के बीच संवाद का माध्यम भी है।

‘राजासोनिक’ के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक लोकधुनों को आधुनिक रॉक संगीत की भाषा में ढालकर दुनिया के श्रोताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह एल्बम भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक मित्रता, रचनात्मक सहयोग और संगीत के क्षेत्र में नए प्रयोगों का उदाहरण है। इसके जरिए राजस्थान की लोक-संगीत विरासत को अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत में नए अंदाज के साथ प्रस्तुत किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775758 Articles

Share this story