मानसून सक्रिय, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मानसून सक्रिय, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के आसार


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसके साथ ही बारिश की गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं। रविवार को प्रदेश के करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बावजूद अधिकांश जिलों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई। श्रीगंगानगर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, दौसा, वनस्थली, फलौदी, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। प्रतापगढ़ में एक इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के छह शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जबकि दो शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा तट के आसपास बना सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र रविवार को गहरे होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तरी उड़ीसा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले पांच से छह दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा तथा अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि छह जुलाई से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में भारी वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। रविवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में अगले पांच से सात दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। छह से नौ जुलाई के बीच दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आगामी दिनों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा सात और आठ जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

राजधानी जयपुर में रविवार को छिटपुट बारिश हुई। दिनभर बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा, जिससे उमस ने लोगों को परेशान किया। शहर के अधिकतम तापमान में 4.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोडाला, ज्योति नगर, वैशाली नगर, खातीपुरा सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story