मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता: राजस्थान में 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में ली जाएगी शपथ, डिजिटल सर्टिफिकेट भी मिलेगा

WhatsApp Channel Join Now
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता: राजस्थान में 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में ली जाएगी शपथ, डिजिटल सर्टिफिकेट भी मिलेगा


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत आगामी 10 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शपथ अभियान का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर तथा प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने आमजन, विद्यार्थियों, विभागों एवं संस्थाओं से इस अभियान से जुड़कर डिजिटल शपथ लेने का आह्वान किया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे समग्र जीवन का एक अहम हिस्सा है। तनाव, चिंता या किसी भी मानसिक परेशानी के समय अपनों से बात करना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 10 अक्टूबर को डिजिटल माध्यम से शपथ लेकर अपने आसपास के लोगों को भी मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि 10 सितम्बर से शुरू हुआ मानसिक स्वास्थ्य माह 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में रैलियों, जागरूकता सभाओं एवं विविध कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है।

प्रमुख शासन सचिव के अनुसार शपथ लेने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। नागरिक अपने मोबाइल से दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके या विभागीय पोर्टल https://ihmslite.rajasthan.gov.in/manas पर जाकर सीधे डिजिटल शपथ ले सकते हैं। सफलतापूर्वक शपथ पूर्ण करने के बाद प्रतिभागी अपना ई-प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भी डाउनलोड कर सकेंगे।

उन्होंने मीडिया संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान और इसके डिजिटल लिंक को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहभागिता निभाएं, ताकि समाज में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने का माहौल निर्मित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story