विश्व स्तनपान सप्ताह: उम्मेद अस्पताल में पोस्टर व रील प्रतियोगिता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्तनपान सप्ताह: उम्मेद अस्पताल में पोस्टर व रील प्रतियोगिता आयोजित


जोधपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर उम्मेद अस्पताल के शिशु रोग विभाग की ओर से गुरुवार को जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर एवं रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एएनएम, जीएनएम के विद्यार्थियों तथा नर्सिंग स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्तनपान के महत्व, नवजात शिशुओं के पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।

पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने कुल 33 पोस्टर प्रस्तुत किए, जिनमें जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने, पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने, पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने तथा स्तनपान से मां और शिशु को होने वाले स्वास्थ्य लाभों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

वहीं रील प्रतियोगिता में 6 रील प्रस्तुत की गईं, जिनके माध्यम से स्तनपान के प्रति जागरूकता का संदेश रचनात्मक और आकर्षक तरीके से दिया गया। पोस्टर प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. संदीप चौधरी, डॉ. एसके विश्नोई, डॉ. श्यामा चौधरी, डॉ. रघुनाथ बारूपाल एवं एलियम्मा सिस्टर ने किया। वहीं रील प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. सुरेश वर्मा, डॉ. संदीप चौधरी, डॉ. एसके विश्नोई एवं जीएनएमटीसी प्राचार्य रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, विषय की प्रस्तुति, संदेश की प्रभावशीलता तथा जन-जागरूकता के दृष्टिकोण से प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नर्सिंग ऑफिसर इमरान ख़ान एवं गजेंद्र शेखावत ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक एवं शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मोहन मकवाना तथा नर्सिंग अधीक्षक प्रमिला नारुका भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विश्व स्तनपान सप्ताह का उद्देश्य माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना है, ताकि प्रत्येक नवजात को जीवन की बेहतर शुरुआत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story