पश्चिम राजस्थान में बारिश, पूर्व में मौसम शुष्क

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम राजस्थान में बारिश, पूर्व में मौसम शुष्क


जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश का मौसम बदला नजर आया। दोपहर बाद पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 28-30 मार्च को राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी-बारिश होने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर सहित कुछ शहरों में दोपहर बाद मौसम पलटा और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली। प्रदेश के शहरों के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। गुरुवार कोटा,चित्तौडग़ढ़ और बाड़मेर का दिन का पारा 38 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 38.9 डिग्री के साथ कोटा का दिन और 25.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दोपहर बाद बादल नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं आंधी व हल्की बारिश दर्ज की गई, शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28-30 मार्च सक्रिय हो रहा है। इससे राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी-बारिश होने की प्रबल संभावना है। 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं दोपहर बाद आंधी-बारिश होने की संभावना है। 29-30 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50 प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को अलर्ट जारी किया है कि खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

जयपुर के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को दोपहर बाद जयपुर का मौसम पलटा और आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए। जयपुर के दिन के पारे में 1 और रात के पारे में 1.6 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप ने आमजन को गर्मी का अहसास करवाया। हालांकि दोपहर बाद बादलों के चलते तेज धूप और गर्मी से राहत मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story