राजस्थान के कई जिलों में बारिश, आठ जून से फिर बढ़ेगी गर्मी

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के कई जिलों में बारिश, आठ जून से फिर बढ़ेगी गर्मी


राजस्थान के कई जिलों में बारिश, आठ जून से फिर बढ़ेगी गर्मी


जयपुर, 06 जून (हि.स.)। प्रदेश के कई जिलों में हुई तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। चार जून की शाम से पांच जून की सुबह तक भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, बूंदी सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और तेज हवाओं के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। हालांकि, 8 जून से पश्चिमी राजस्थान के जिलों में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने और हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते करौली, दौसा, डूंगरपुर, नागौर और जयपुर सहित कई शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से तपिश झेल रहे लोगों ने मौसम के बदलते मिजाज का आनंद लिया।

राज्य में सबसे अधिक वर्षा भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा क्षेत्र में 75 मिलीमीटर (करीब 3 इंच) हुई। इसके अलावा अजमेर में 45 मिमी बारिश हुई। बूंदी के नैनवां, भीलवाड़ा के कछोला तथा भरतपुर के बयाना में 34-34 मिमी वर्षा मापी गई। वहीं चित्तौड़गढ़ के भैंसरोड़गढ़ और भरतपुर के वैर में 31-31 मिमी बारिश हुई।

बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी, जबकि किसानों ने इसे खरीफ सीजन से पहले शुभ संकेत माना है।

शुक्रवार दोपहर बाद बीकानेर संभाग के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ में घने बादल छाने के साथ तेज धूलभरी आंधी चली। कई स्थानों पर तेज बारिश हुई और ओलावृष्टि भी हुई। बीकानेर शहर में धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उदयपुर जिले में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए।

पिछले दो दिनों से जारी आंधी और बारिश के कारण वहां भी मौसम सुहाना बना हुआ है। बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी का असर बना रहा। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में मापा गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 41.5, बाड़मेर में 40.8, जोधपुर में 39.5, बीकानेर में 39.2, जालौर, चूरू और पाली में 38, हनुमानगढ़ में 37.5, पिलानी में 37.2 तथा उदयपुर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 जून से पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज होगी। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story