पंद्रह शहरों में बरसे मेघ, नया सिस्टम बनने से पूर्वी राजस्थान में 10 अगस्त तक चलेगा बारिश का सिलसिला
जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में एक्टिव मानसून के चलते बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को प्रदेश के करीब 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश डीग के रार्हे में 66 मिमी दर्ज की गई। 6 अगस्त को नया मानसूनी तंत्र बनने से पूर्वी राजस्थान में बारिश का यह दौर 10 अगस्त तक देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, चूरू, डूंगरपुर, जालोर, भरतपुर, बारां, चित्तौडग़ढ़, दौसा, करौली और सवाईमाधोपुर सहित अन्य शहरों में बारिश हुई।
राजस्थान में एक्टिव मानसून के कारण अलवर, जयपुर, चूरू, बीकानेर सहित कई जिलों में मंगलवार को रुक-रुककर बारिश हुई। अजमेर के किशनगढ़ में हनुमानगढ़ मेगा हाईवे के एक हिस्से में पानी भर गया। जलजमाव से नाराज दूरडंद के ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रखा। कोटपूतली-बहरोड़ के विराटनगर में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा। कोटपूतली शहर में जगह-जगह गाडिय़ां फंस गईं। पेड़ टूटने से रास्ते बंद हो गए। 38 डिग्री के साथ डूंगरपुर का दिन और 28 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही। जयपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा मानसून ट्रफ लाइन अपने सामान्य स्थिति (उत्तरी राजस्थान) से गुजर रही है। पिछले 24 घंटों में दौसा, डीडवाना, हनुमानगढ़, कोटा, सिरोही जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश मंडावर, दौसा में 107 मिमी दर्ज की गई। 5 अगस्त को भी उत्तर -पूर्वी व उत्तरी भागों में हल्की मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर 6-7 अगस्त से एक नया परिसंचरण तंत्र बनने से पुन: मानसून सक्रिय होने व बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 7 से 10 अगस्त के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश की गतिविधियों में कमी रहने तथा 7-9 अगस्त को कुछ भागों में पुन: बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

