पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म, अब 5 दिन शुष्क रहेगा मौसम
जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से जयपुर सहित प्रदेश के करीब एक दर्जन से अधिक शहरों में मंगलवार देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार को भी प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म हो गया। प्रदेश में गुरुवार से आगामी चार-पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को करौली, कोटपुतली, खैरथल-तिजारा सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बुधवार को अधिकांश शहरों में मौसम शुष्क रहा और धूप खिली। इससे शहरों के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई तो रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। 35.2 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 23.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर तथा पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश शाहपुरा (जयपुर) में 45.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। विक्षोभ के असर से राज्य में तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किये जा रहे है बुधवार दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राज्य के अधिकांश भागों से समाप्त हो गया है। बुधवार को कोटा, भरतपुर संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 9 अप्रेल से राज्य में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। आंधी बारिश के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 9 डिग्री नीचे दर्ज किया जा रहा है। आगामी 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
जयपुर में मंगलवार देर रात तक बारिश का दौर चला। बुधवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे और धूप खिली। दोपहर बाद काले घने बादल भी नजर आए, लेकिन बरसात नहीं हुई। जयपुर के दिन के तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में 4.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

