बैक टू बैक पश्चिम विक्षोभ एक्टिव, तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश में बैक टू बैक दो पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हाेने से आगामी तीन दिन प्रदेश के 15 शहरों में आंधी-बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलाेमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। प्रदेश में रविवार रात 10 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सोमवार को चूरू, श्रीगंगानगर और संगरिया में हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, डबोक, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, सिरोही, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और माउंट आबू में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 37.8 डिग्री के साथ बाड़मेर और फलौदी का दिन और 26 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जयपुर में दिनभर धूप खिली और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश 27 मिलीमीटर लूणकरणसर, बीकानेर में दर्ज की गई। सोमवार को भी राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। राज्य के उत्तर पश्चिमी व उत्तरी भागों में 13 से 15 अक्टूबर को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में एक बार पुन: 13 से 15 अक्टूबर को मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किलाेमीटर प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी भाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर जिलों में सोमवार को कही कही मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई तथा राज्य के पूर्वी भाग में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

