जयपुर सहित 25 शहराें में बारिश, धौलपुर में पार्वती बांध के गेट खोले, सवाईमाधोपुर में मंदिर पर बिजली गिरी
जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। प्रदेशा में सक्रिय मानसून के चलते बारिश का दाैर लगातार बना हुआ है। शनिवार काे जयपुर सहित 25 शहराें में बारिश हुई। जयपुर में करीब एक इंच बारिश हुई। जयपुर में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दाैर चलता रहा। बीसलपुर बांध में 3 इंच बारिश की रिकाॅर्ड की गई। बांध का जलस्तर बढ़कर 314 आरएल मीटर से अधिक दर्ज किया गया।
शनिवार काे जयपुर, अजमेर, टाेंक, सवाईमाधाेपुर , दाैसा, प्रतापगढ़, कराैली, सीकर, काेटा, चित्ताैड़गढ़ सहित करीब 25 शहराें में बारिश हुई। अजमेर में बरसात के कारण एक स्कूल की दीवार ढह गई। हादसे में तीन कारें मलबे में दब गईं।
अलवर और दौसा में झमाझम बारिश के कारण खेत-सड़कें डूब गईं। जयपुर में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। इस मानसून सीजन में पहली बार राजधानी में लगातार दो दिन बारिश हुई है।
बरसात के कारण तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट हुई है। वहीं, झालावाड़ और करौली जिलों में तेज बारिश की चेतावनी के कारण स्कूलों की छुट्टी रही। भरतपुर के सबसे बड़े डैम बंध बारैठा का गेज भी बढ़ गया है। इसके 2 गेट खोले गए हैं। धौलपुर के पार्वती बांध के 2 गेट खोले गए। धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी छलक गया है। वहीं, सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया।
माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 6 सितंबर को पूर्वी व पूर्वी-उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हाे सकती है।
वेल मार्क लो प्रेशर एरिया आज उत्तर पश्चिम एमपी व दक्षिणी-पश्चिमी यूपी के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन आज भी श्रीगंगानगर व वेल मार्क लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है। पिछले 24 घंटों में बारां, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली व सवाईमाधोपुर जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश तलवारा, सवाईमाधोपुर में 131 मिमी दर्ज की गई है।
6 सितंबर को भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश तथा कोटा, अजमेर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने काे मिलेगी। हालांकि, भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 8 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह पुनः बारिश का दौर थमने की प्रबल संभावना है।
शुक्रवार काे राज्य के पूर्वी भाग के दौसा, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, बारां, झालावाड़ जिलों में कही-कही भारी बारिश एवं जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम व कही कही मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गयी तथा राज्य के पश्चिमी भाग में श्रीगंगानगर , चूरू, डीडवाना कुचामन, नागौर जिलों में कही कही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

