मानसून सक्रिय लेकिन झमाझम बारिश से प्रदेश वंचित, 3 अगस्त से थमेगा दाैर

WhatsApp Channel Join Now
मानसून सक्रिय लेकिन झमाझम बारिश से प्रदेश वंचित, 3 अगस्त से थमेगा दाैर


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में मानसून सक्रिय है, लेकिन प्रदेश तेज बारिश से महरुम है। इससे किसानाें के साथ सरकार के माथे पर चिंता ला दी है। अगस्त माह में भी प्रदेश में बारिश कम हाेने की संभावना है। शनिवार काे जयपुर सहित 18 शहराें में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

माैसम विभाग के अनुसार जयपुर शहर के कई इलाकों में शनिवार को बरसात हुई। सीकर के लक्ष्मणगढ़ तहसील के गांवों में बारिश हुई। बांसवाड़ा में बारिश के बीच हाईटेंशन लाइन टूटने से दो बाइक सवार सहित 4 लोग झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उधर, उदयपुर में अच्छी बारिश के लिए राजमाली समाज की महिलाओं ने मटकी फोड़ परंपरा निभाई गई।

माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मध्य भारत के ऊपर बना अवदाब शनिवार काे कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में परिवर्तित हो चुका है तथा वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर पहुंच चुका है। मानसून ट्रफ लाइन आज दक्षिणी राजस्थान के भागों से होकर गुजर रही है।

इसके प्रभाव से 2 अगस्त को उदयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने तथा जयपुर, अजमेर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।

3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर शिफ्ट होने से दक्षिण-पश्चिमी भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। हालांकि, 3-5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story